आमेट नगरपालिका चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, प्रत्याशियों की सूची जारी
आमेट नगरपालिका चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, प्रत्याशियों की सूची जारी
आमेट। राजस्थान के राजसमंद जिले में स्थानीय निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजसमंद ने आगामी आमेट नगरपालिका चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी कर चुनावी मैदान में बिगुल फूंक दिया है। बीजेपी ने 25 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया गया है।
राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही आमेट नगरपालिका में पहले चरण के तहत चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इस बार निकाय चुनाव में सबसे दिलचस्प मुकाबला अध्यक्ष पद को लेकर देखने को मिलेगा, क्योंकि नगरपालिका अध्यक्ष पद को अनारक्षित (ओपन) घोषित किया गया है। अध्यक्ष पद के ओपन रहने से भाजपा के भीतर और स्थानीय राजनीति में दिग्गजों के बीच दावेदारी को लेकर सरगर्मियां काफी बढ़ गई हैं।
चुनावी समर में इस बार आमेट निकाय के कुल 12,272 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कुल मतदाताओं में 6,350 पुरुष और 5,919 महिला मतदाता शामिल हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कुल 25 निर्धारित मतदान केंद्र बनाए हैं।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 9 सितंबर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, वहीं 14 सितंबर को मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रत्याशियों की सूची सामने आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।
