भाषण के एक हिस्से को चुनकर गलत मतलब निकाला गया', राजनाथ सिंह के वायरल वीडियो पर रक्षा मंत्रालय की सफाई
नई दिल्लीः रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सोशल मीडिया पर एक वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोल रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर में एक भी भारतीय सैनिक शहीद नहीं हुआ। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि रक्षा मंत्री के भाषण के एक खास हिस्से को निकालकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय को यह सफाई तब देनी पड़ रही है जब केंद्र सरकार ने पहली बार बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 6 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। सरकार के बायन के बाद से सोशल मीडिया पर राजनाथ सिंह का एक क्लिप वायरल है।
दरअसल, पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कर्तव्य निर्वहन के समय वीरगति को प्राप्त हुए छह सैन्य कर्मियों के नाम राष्ट्रीय समर स्मारक पर अंकित किए गए हैं। इन सैन्यकर्मियों में थलसेना के पांच और भारतीय वायुसेना के एक कर्मी का नाम शामिल है। मई 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए सैन्य अभियान के बाद यह पहली बार है, जब सरकार ने इन छह कर्मियों के नाम जारी किए हैं।
