बिजली कनेक्शन की फाइल आगे बढ़ाने के लिए मांगी रिश्वत, जेईएन 10 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

उदयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की उदयपुर इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एवीवीएनएल देबारी कार्यालय के जेईएन सागर मीणा को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में परिवादी से रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने खाम की मादड़ी में निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। 18 अगस्त को जेईएन सागर मीणा और लाइनमैन प्रेमजी ने मौके पर सर्वे किया। इस दौरान बिजली कनेक्शन के लिए डीपी और पोल लगाने की जरूरत बताई गई।
आरोप है कि जेईएन ने सरकारी डिमांड राशि के अतिरिक्त पहले 35 हजार रुपए ‘खर्चा-पानी’ के रूप में मांगे। बातचीत के बाद सौदा 15 हजार रुपए में तय हुआ। मांग के सत्यापन के दौरान आरोपी 5 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। शेष 10 हजार रुपए सोमवार को देने तय हुए।
एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को उसके कार्यालय में परिवादी से 10 हजार रुपए लेते पकड़ लिया। आरोपी के उदयपुर और बांसवाड़ा स्थित आवास एवं फ्लैट की तलाशी जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।