राजसमंद नगर परिषद चुनाव: नामांकन के आखिरी दिन उमड़ी दावेदारों की भीड़, 170 से अधिक नामांकन दाखिल
राजसमंद नगर परिषद चुनाव: नामांकन के आखिरी दिन उमड़ी दावेदारों की भीड़, 170 से अधिक नामांकन दाखिल

राजसमंद। नगर परिषद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया का आखिरी दिन रहा। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। रिटर्निंग अधिकारी ओम प्रभा ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों को नामांकन की रसीद दी। आखिरी दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के पहुंचने से चुनावी माहौल और गरमा गया।
अब तक नगर परिषद चुनाव के लिए 170 से अधिक नामांकन दाखिल हो चुके हैं। इनमें करीब 34 निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। निर्दलीयों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने चुनौती बढ़ सकती है। टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों के निर्दलीय मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
वार्ड 22 में पति-पत्नी के नामांकन से बढ़ी चर्चा
नामांकन के दौरान वार्ड 22 सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। यहां पति-पत्नी दोनों ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। हालांकि कांग्रेस की ओर से जारी अधिकृत सूची में पति का टिकट काटकर हिमानी नंदवाना को प्रत्याशी बनाया गया है। ऐसे में वार्ड 22 का मुकाबला अब दिलचस्प हो गया है और पार्टी के भीतर टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पहले दो दिन धीमी थी रफ्तार
नामांकन प्रक्रिया के शुरुआती दो दिनों में प्रत्याशियों का उत्साह अपेक्षाकृत कम दिखाई दिया था। 27 अगस्त को वार्ड 6 से एक महिला प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद 29 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी। आखिरी दिन तक बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के साथ चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।
अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। इसके बाद भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान तेज करेंगे। राजसमंद में शहर की सरकार बनाने की लड़ाई अब पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आने लगी है।