उदयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस का संकल्प पत्र जारी, भाजपा बोर्ड पर लगाए बदहाली के आरोप
उदयपुर। नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए भाजपा बोर्ड पर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि माइक्रो लेवल प्लानिंग के अभाव में उदयपुर में स्वच्छता, यातायात, पेयजल और पर्यावरण जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। कांग्रेस ने सत्ता में आने पर पिछोला, फतेहसागर और उदयसागर सहित झीलों को प्रदूषण से बचाने के लिए आधुनिक एसटीपी लगाने, आयड़ नदी को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त कराने तथा अरावली में अवैध कटाई और निर्माण पर रोक लगाने का वादा किया। हर वार्ड में स्वास्थ्य क्लीनिक, ई-लाइब्रेरी और कौशल विकास केंद्र खोलने की घोषणा भी की गई। पार्टी ने 272 विवादित प्लॉटों का त्वरित समाधान, पुराने निवासियों को पट्टे, नए फायर स्टेशन, रिंग रोड, सैटेलाइट टाउन और नाइट फूड प्लाजा विकसित करने का भरोसा दिलाया। संकल्प पत्र रघुवीर सिंह मीणा, ताराचंद मीणा सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने जारी किया।