उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान यात्रा पर आज रवाना हुए पीएम मोदी,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिवसीय विदेश यात्रा के लिए आज शनिवार को रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी 29 अगस्त से एक सितंबर तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा करेंगे। इस दौरान वह प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और एससीओ के 26वें शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर दो दिन की द्विपक्षीय यात्रा के लिए आज ताशकंद पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि यह पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने 2015 में उज्बेकिस्तान और मध्य एशिया के अन्य देशों का दौरा किया था और उसके बाद 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में शामिल होने के लिए वहां गए थे।अपने चार दिवसीय दौर को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि,अगले कुछ दिनों में उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य का दौरा होगा। इस दौरान ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ भारत-उज्बेकिस्तान दोस्ती को बेहतर बनाने के लिए द्विपक्षीय बातचीत।शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा।
बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकें।
SCO समिट में भी होंगे शामिल
उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त को 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बिश्केक जाएंगे। इस साल एससीओ की 25वीं वर्षगांठ है और इस साल का विषय है 'एससीओ के 25 साल: टिकाऊ शांति, विकास और समृद्धि की ओर साथ मिलकर'।बिश्केक में होने वाले आगामी एससीओ लीडरशिप समिट के कार्यक्रमों में 31 अगस्त को स्वागत भोज और अगले दिन समिट की मुख्य बैठक शामिल है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी अपना संबोधन देंगे। बिश्केक में समिट के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित करने की योजना है।