जयपुर के सीतापुरा इलाके में ज्वेलरी बनाने की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई दो कर्मचारियों की मौत हो गई
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीतापुरा इलाके में स्थित एक ज्वेलरी बनाने की फैक्ट्री में गुरुवार शाम को अचानक आग लग गई। आग लगने के दौरान वहां काम करने वाले कर्मचारी फैक्ट्री में ही फंस गए। दम घुटने की वजह से फैक्ट्री के दो कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि चार कर्मचारी बेहोश हो गए। बेहोश हुए कर्मचारियों अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
आग लगते ही मची अफरा तफरी
सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में आइडियल फिजिकल सर्विसेज लिमिटेड नाम से गोल्ड की ज्वेलरी बनाने की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में शाम को अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। फैक्ट्री में फंसे हुए कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। सांगानेर और प्रताप नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में फंसे कर्मचारियों को निकालकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया जहां दो कर्मचारियों को मृत घोषित कर दिया जबकि चार कर्मचारियों को भर्ती कर लिया गया। आग के दौरान फैक्ट्री के आसपास अफरा तफरी मच गई।बाहरी राज्यों के हैं कर्मचारी
पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं। यूपी के चंदौली निवासी 19 वर्षीय रजनीश और मध्यप्रदेश के रीवा निवासी 45 वर्षीय सरस्वती की मौत हो गई। बेहोश हुए कर्मचारियों यूपी के बरेली निवासी 26 वर्षीय अजयपाल, पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी लाल मोहन, मध्यप्रदेश के रीवा निवासी 19 वर्षीय संदीप और बबलू शामिल है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों का इलाज महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है।
ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट, पुलिस जुटी जांच में
आग लगने का स्पष्ट कारण देर शाम तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का मानना है कि आग लगने के दो कारण हो सकते हैं। पहला कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है और दूसरा ऐसा भी हो सकता है कि भट्टी में अचानक ब्लास्ट हुआ होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।