राजसमंद में सड़क पर उतरे पुलिस कप्तान हेमंत कलाल, गरबा-डांडिया पांडालों का किया निरीक्षण
राजसमंद में सड़क पर उतरे पुलिस कप्तान हेमंत कलाल, गरबा-डांडिया पांडालों का किया निरीक्षण
नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, जिला मुख्यालय पर फ्लैग मार्च; छेड़छाड़ करने वालों पर रहेगी खास नजर
राजसमंद। नवरात्रि के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजसमंद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल खुद सड़क पर उतरे और पुलिस अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान गरबा-डांडिया पांडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने नवरात्रि आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी राजसमंद नेत्रपाल सिंह सहित राजनगर एवं कांकरोली थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च में भाग लिया।
प्रवेश-निकास से पार्किंग तक सुरक्षा की जांच
पुलिस अधिकारियों ने गरबा-डांडिया आयोजन स्थलों पर पहुंचकर प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र और आयोजन स्थलों तक आने-जाने वाले रास्तों का निरीक्षण किया। आयोजकों को पर्याप्त रोशनी, भीड़ प्रबंधन, व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने आयोजन समितियों को सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा है।
सादे कपड़ों में भी होगी निगरानी
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में निगरानी और डिकॉय ऑपरेशन के जरिए छेड़छाड़ एवं दुर्व्यवहार करने वालों पर नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पूरे जिले में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
जिला मुख्यालय के अलावा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी नवरात्रि आयोजन स्थलों की संवेदनशीलता, भीड़ और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षित आवाजाही पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से की अपील
राजसमंद पुलिस ने आमजन से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
किसी भी परेशानी या संदिग्ध गतिविधि पर यहां करें संपर्क:
- जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष: 02952-220712
- जिला पुलिस WhatsApp: 8764854100
- आपातकालीन पुलिस सहायता: 112
पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।