डूसू चुनाव में ABVP का जलवा, अध्यक्ष समेत 3 सीटों पर बम्पर जीत; दीपांशु शौकीन ने भी जीती बाजी
डूसू चुनाव में ABVP का जलवा, अध्यक्ष समेत 3 सीटों पर बम्पर जीत; दीपांशु शौकीन ने भी जीती बाजी
धीरज दवे
डेस्क: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा को पीछा छोड़ा, जिन्हें 22,523 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन भारी मतों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 30,615 वोट मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ABVP के ईशु मौर्या को 16,910 वोट मिले।
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी 21,650 वोटों के साथ विजयी रहीं, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। SCS के विशेष यादव को 15,778 और NSUI के गोपाल चौधरी को 15,206 वोट मिले।
40.46 प्रतिशत हुई थी वोटिंग
दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 पोलिंग सेंटर्स से मिले आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को हुई वोटिंग के दौरान 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह पिछले तीन सालों में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा मतदान था। इसकी तुलना में, पिछले वर्ष मतदान का प्रतिशत 39.5 था। अलग-अलग समय पर क्लास अटेंड करने वाले स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए वोटिंग प्रोसेस दो चरणों में आयोजित की गई थी।
जीत के जुलूस पर दिल्ली हाई कोर्ट ने लगाई रोक
इस बीच, दिल्ली हाई कोर्ट ने डूसू चुनाव नतीजों के बाद जीत के जुलूस निकालने पर भी रोक लगा दी है और दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि नतीजों की घोषणा के बाद सड़कों, हॉस्टलों या कॉलेज परिसर के अंदर ऐसा कोई जुलूस न निकाला जाए।