PM मोदी को राहुल गांधी की चुनौती पर निशिकांत दुबे का पलटवार
PM मोदी को राहुल गांधी की चुनौती पर निशिकांत दुबे का
पलटवार
मुझसे संतुष्ट हो जाइए, फिर हमारे... राहुल गांधी
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने जवाब दिया है। दुबे ने राहुल गांधी को सीधे कांग्रेस कार्यालय में आकर बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि राहुल पहले उनसे कागजों, मुद्दों और विदेशी शक्तियों के साथ कथित सहयोग को लेकर चर्चा कर लें। इसके बाद ही बीजेपी के बड़े नेताओं को चुनौती दें। निशिकांत दुबे के इस जवाब से राहुल गांधी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
निशिकांत दुबे ने राहुल को दी चुनौती
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'मैं कांग्रेस ऑफिस में आकर आपसे कागज, मुद्दे और आपके साथ विदेशी शक्तियों के सहयोग पर डिबेट करने को तैयार हूं। दिन और समय तय कर लीजिए। मुझसे संतुष्ट हो जाइए, फिर हमारे नेताओं को चैलेंज करिए।' दुबे के इस बयान को राहुल गांधी की प्रधानमंत्री मोदी को दी गई चुनौती के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
राहुल ने 24 घंटे बाद फिर उठाया था सवाल
दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। राहुल ने कहा था कि उन्होंने 24 घंटे पहले पीएम मोदी को डिबेट के लिए कहा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपनी पसंद की जगह और मंच चुनने को कहा था। राहुल ने यहां तक कहा कि इस बहस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाया जा सकता है।