बांद्रा के गरीब नगर में बुलडोजर एक्शन, 94 अवैध निर्माण ढहाए गए,
मुंबई: वेस्टर्न रेलवे ने बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर में शुक्रवार को एक बार फिर हथौड़ा चलाया। यह हथौड़ा बचे हुए 94 अवैध घरों पर चलाया गया। जिसे मई में स्टे दिया गया था। इन निर्माणों को मई 2026 में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान इसलिए छोड़ दिया गया था, ताकि वहां रहने वाले पात्र परियोजना प्रभावित परिवारों (PAP) का पुनर्वास किया जा सके। अब मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने सभी 94 पात्र परिवारों को वैकल्पिक स्थायी घर आवंटित कर उनको कब्जा भी दे दिया है। इसके बाद वेस्टर्न रेलवे ने इन निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, इस काम को पूरा करने के लिए 5 जेसीबी, 1 पोकलेन, 2 ट्रक ,70 लेबर, 76 इंजीनियर, 82 आरपीएफ, 108 जीआरपी और 206 सिटी पुलिस समेत कुल 472 लोग मौजूद थे। यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के 23 अक्टूबर 2026 के आदेश के तहत की गई है। कोर्ट ने अपने आदेश में पात्र परिवारों को एक सप्ताह के भीतर जगह खाली करने और इसके 48 घंटे बाद रेलवे को तोड़फोड़ की कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
इस जगह पर किया जाएगा विकास का काम
रेलवे की इस जमीन पर अब कई बड़े विकास कार्य किए जाएंगे। बांद्रा टर्मिनस के पूर्वी हिस्से में एकीकृत रेलवे परिसर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा नया प्लैटफॉर्म नंबर 8 बनाया जाएगा और ट्रेनों को खड़ा करने की सुविधा बढ़ाई जाएगी। ट्रेन की मरम्मत और रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।यात्रियों की सुविधा के लिए आने-जाने के रास्ते, यात्रियों के इंतजार करने की जगह और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। रेलवे का कहना है कि इन कामों से बांद्रा स्टेशन और टर्मिनस की यात्री क्षमता बढ़ेगी। साथ ही लंबी दूरी की ट्रेनों और उपनगरीय रेलवे सेवाओं का संचालन भी बेहतर हो सकेगा।