राहुल गांधी जिन्ना की तरह फैला रहे अराजकता, विदेशी ताकतें कर रहीं मदद : महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया। कहा कि ज्ञानेश कुमार संवैधानिक पद पर हैं और ऐसे पदों की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। वहीं, दीया मिर्जा से जुड़े विवाद और हाईकोर्ट के फैसले पर उन्होंने अदालत के निर्णय का सम्मान करने की बात कही, लेकिन दिवाली की परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को भी महत्व देने की जरूरत बताई। साथ ही, एनसीपी के आंतरिक विवाद पर संजय राउत की टिप्पणियों से उन्होंने खुद को अलग रखा।
'कुछ विदेश ताकतें राहुल गांधी की कर रहीं मदद'
चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध को लेकर लोढ़ा ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी वही कर रहे हैं, जो 1945-47 के दौरान जिन्ना ने किया था। देश में अराजकता फैलाने, संविधान को तोड़ने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने देश के लोगों से ऐसी कथित साजिश को समय रहते समझने की अपील की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें राहुल गांधी की मदद कर रही हैं और ऐसी ताकतों को सामने लाया जाना चाहिए।दीया मिर्जा वीडियो विवाद पर क्या बोले मंगल प्रभात लोढ़ा
दीया मिर्जा विवाद में बॉम्बे हाई हाईकोर्ट के फैसले पर मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि वह अदालत के निर्णय का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था को, चाहे वह सरकार हो या कोई अन्य संगठन, हजारों वर्षों से चली आ रही परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखना चाहिए। लोढ़ा ने कहा कि किसी धर्म के लोगों की भावनाएं, परंपराएं और संस्कार किसी भी उत्सव से जुड़े होते हैं। इसलिए उन्हें अपने त्योहार और परंपराएं मनाने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का फैसला मान्य है, लेकिन दिवाली और उससे जुड़ी परंपराओं को लेकर उनकी भावना भी स्पष्ट है।