राजसमंद नगरीय निकाय चुनाव-मतगणना की तैयारियां पूर्ण, जिला परिषद में प्रशिक्षण आयोजित
राजसमंद नगरीय निकाय चुनाव-मतगणना की तैयारियां पूर्ण, जिला परिषद में प्रशिक्षण आयोजित
14 सितंबर, सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
दिनेश पुरोहित
राजसमंद। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के समस्त 5 नगरीय निकायों के लिए मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को प्रातः 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी। मतगणना को लेकर शनिवार को मतगणना दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में समस्त आरओ, एआरओ एवं मतगणना दलों के कार्मिक उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा ने मतगणना प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा ने कार्मिकों को निर्देशित किया कि मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को मतगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं दायित्वों की जानकारी प्रदान की गई। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने मतगणना दलों को प्रशिक्षण प्रदान करते हुए आवश्यक प्रक्रिया एवं सावधानियों से अवगत कराया। उन्होंने मतगणना की विभिन्न बारीकियों को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए। राजसमंद नगर परिषद की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजसमंद में होगी। नाथद्वारा नगरपालिका की मतगणना सेठ मथुरादास बिनानी महाविद्यालय में होगी। आमेट नगरपालिका की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमेट में होगी। देवगढ़ नगरपालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवगढ़ तथा भीम नगरपालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीम में होगी। मतगणना के लिए सभी संबंधित मतगणना दलों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है। मतगणना प्रक्रिया प्रातः 8 बजे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतगणना कार्य को पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
——————————————————————