उदयपुर नगर निगम में महापौर पद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पारस सिंघवी ने किया नामांकन दाखिल
महावीर व्यास
उदयपुर नगर निगम में महापौर पद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी पारस सिंघवी ने बुधवार को समर्थकों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान नगर निगम परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
पारस सिंघवी के नामांकन पत्र में पार्षद पंकज बोराना प्रस्तावक बने हैं। नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा का शीर्ष स्थानीय नेतृत्व उनके साथ एकजुट नजर आया। नगर निगम स्थित निर्वाचन कक्ष में पारस सिंघवी के साथ उदयपुर शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौर, पूर्व महापौर रजनी डांगी और वरिष्ठ नेता नानालाल बया मुख्य रूप से मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया के दौरान नगर निगम के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए समर्थकों ने पारस सिंघवी और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की। ढोल-नगाड़ों और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच नगर निगम परिसर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा दिखाई दिया। वरिष्ठ नेताओं ने इस मौके पर जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा उदयपुर के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रत्याशी पारस सिंघवी सीधे उस रिसॉर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई है। चुनाव की रणनीति और पार्षदों से सीधे संवाद को लेकर रिसॉर्ट में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि आगामी मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से अंजाम दिया जा सके।