गुरु पूर्णिमा चारभुजा नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,

गुरु पूर्णिमा चारभुजा नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,
श्रद्धालुओं ने किए भक्तिभाव से दर्शन
मनीष दवे
राजसमन्द:चारभुजा गुरु पूर्णिमा के पावन दिवस पर मेवाड़ के आराध्य देव प्रभु श्री चारभुजा नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। और श्रद्धालुओं ने सुव्यवस्थित रूप से बारी-बारी से भगवान श्री चारभुजा नाथ के दर्शन कर गुरु पूर्णिमा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मंदिर में भगवान श्री चारभुजा नाथ का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई गई। दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर लगी कृष्ण लीला के छायाचित्रों का अवलोकन कर उनकी लीलाओं का भावपूर्ण स्मरण किया। मंदिर के पुजारियों ने श्रद्धालुओं को बेल प्रसादी वितरित कर आशीर्वाद प्रदान किया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चारभुजा कस्बे के बाजारों में भी दिनभर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। धार्मिक नगरी में आए श्रद्धालुओं ने दर्शन के साथ-साथ आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया। श्रद्धालु रोकड़िया हनुमान धाम, लक्ष्मण झूला, गोमती नदी स्थित राम दरबार, 73 रूपनारायण मंदिर तथा रिछेड़ के आमज माता मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। दिनभर श्रद्धालुओं ने गुरु दर्शन, प्रभु दर्शन के साथ धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।