मोहन भागवत ने संध्या आरती में शामिल होकर किए चारभुजा नाथ के दर्शन
मोहन भागवत ने संध्या आरती में शामिल होकर किए चारभुजा नाथ के दर्शन
संध्या आरती में शामिल हुए मोहन भागवत, चारभुजा नाथ के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
संघ प्रमुख का पुजारियों ने मेवाड़ी पगड़ी छवि भेट कर किया स्वागत
खंड प्रचारक श्रेणीदान सिंह के घर पहुंच भोजन किया
मनीष दवे
राजसमंद :चारभुजा पांडवकालीन एवं मेवाड़ के आराध्य देव चारभुजा नाथ मंदिर में रविवार सायं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने 7:35 बजे संध्या आरती में शामिल होकर भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन किए। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने मंदिर की परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया। उन्हें पान बीड़ा, चरणामृत, इत्र व प्रसाद भेंट किया गया। पुजारियों ने उनके मस्तक पर केसर का लेपन कर माला पहनाई तथा मेवाड़ी पगड़ी एवं चारभुजा नाथ की छवि भेंट कर स्वागत किया।इस दौरान कुंभलगढ विधायक सुरेंद्र सिंह राठोड़ साथ रहे।
डॉ. भागवत ने भगवान के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की सदियों पुरानी परंपराओं एवं पांडवकालीन इतिहास के बारे में भी जानकारी ली।




चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा भागवत के दौरे को लेकर मंदिर एवं कस्बे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मंदिर में ट्रस्टी, पुजारी, चोवटिया, भंडारी तथा 18 पासधारकों को ही प्रवेश एवं अंदर रुकने की अनुमति दी गई। अन्य लोगों को पुलिस प्रशासन ने पहले ही मंदिर परिसर से बाहर कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे। और आने-जाने वालों पर नजर रखी गई।
दर्शन के दौरान जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, एसपी हेमंत कलाल, एएसपी महेंद्र पारीक, कुंभलगढ़ डीएसपी जितेंद्र सिंह, कुंभलगढ़ एसडीएम एवं मेला मजिस्ट्रेट नरेश सोनी, तहसीलदार तोलाराम देवासी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बाजार में वाहनों की आवाजाही रोकीडॉ. भागवत के आगमन से पहले बस स्टैंड से बाजार तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई। रामदेवरा से लौट रहे दर्शनार्थी जातरुओं को भी कुछ समय के लिए कस्बे में प्रवेश नहीं दिया गया।।डॉ. भागवत कड़ी सुरक्षा के बीच कार से मंदिर चौक पहुंचे। यहां से उन्हें बारी वाले रास्ते से मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने संध्या आरती में भाग लिया और चारभुजा नाथ के दर्शन किए।
धनाईका पहुंचे भागवत
दर्शन के बाद डॉ. भागवत मंदिर से भोपाजी की भागल मार्ग होते हुए बाईपास-बोरड़ तलाई के रास्ते अपनी कार एवं पुलिस काफिले के साथ साथिया ग्राम पंचायत के धनाईका पहुंचे। यहां वे आरएसएस के स्थानीय खंड प्रचारक श्रेणीदान सिंह चारण, पिता वासुदेव सिंह चारण के घर पहुंचे।भागवत के आगमन को लेकर ग्राम पंचायत की ओर से विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया और स्वच्छता का संदेश दिया गया।