चारभुजा का लक्की मेला आज ,बारिश के अभाव में दूध तलाई खाली
चारभुजा का लक्की मेला आज ,बारिश के अभाव में दूध तलाई खाली
15 साल बाद कड़ाव में करेंगे ठाकुर जी स्नान 434 पुलिस जवान के हाथों में रहेगी मेले की कमान,
आज ठाठ-बाट के साथ दोपहर 12 बजे सरोवर स्नान पधारेंगे ठाकुर जी
मनीष दवे
राजसमंद: चारभुजा
कस्बे में भरने वाले ऐतिहासिक चारभुजानाथ का लक्की मेला आज मंगलवार को भरेगा, जहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर पुख्ता व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद कर दी गई है। पुलिस प्रशासन एवं पुजारियों की कड़ी सुरक्षा के बीच ठाकुर जी सरोवर स्नान को दूध तलाई जाएंगे। राजभोग आरती के बाद ठीक सवा 12:15 बजे शाही लवाजमे के साथ सोने की पालकी में बाल विग्रह रूप को बैठाये जायेंगे !जहां आगे आगे हाथी, घोड़े, बैंडबाजे चलेंगे। लाखों भक्तों के जयकरों के साथ ठाट बाट के साथ शाही स्नान करेंगे।
*लगभग 15 वर्ष बाद करेंगे ठाकुर जी कढ़ाई में स्नान*
चारभुजा मेले में इस बार बारिश नहीं होने के कारण दूध तलाई पूरी तरह सूखी पड़ी हुई है देवस्थान विभाग मंदिर के मुन्तज़िम तिलकेश पालीवाल एवं मंदिर के ट्रस्टी चोवटिया , भंडारीयो ने बताया कि इस बार बारिश नहीं होने के कारण ठाकुर जी को शाही लवाजमे में के साथ ही पानी के टैंकरों से कढ़ाई भरकर ठाकुर जी को स्नान करवाया जाएगा । उसके बाद में परिक्रमा में चारों तरफ खड़े पानी के टैंकरों से ठाकुर जी एवं पुजारीयो पर दर्शनों को आए श्रद्धालु एवं भक्तों द्वारा पानी के भरे टैंकरों से जल छिड़काव कर जल की बौछारें की जाएगी तथा स्नान करवाया जाएगा जो लगभग 15 वर्ष पूर्व भी इसी तरह बारिश के अभाव में ठाकुर जी को कढ़ाई में स्नान करवाया गया था।
दूध तलाई पर सुरक्षा को लेकर चारों ओर पुलिस के जवान तैनात कर रखे हैं। इससे पूर्व सोमवार को *भगवान के मंगला दर्शनों से ही पैदल जत्थों का क्रम प्रारंभ हुआ* । नीमच से पैदल निकाला जत्था चारभुजा पहुंचा। नीमच के अलावा निंबाहेड़ा, चित्तौड़, भीलवाड़ा, उज्जैन, इंदौर, जावद, कनेरा, सरवानिया, फतेहनगर सहित कई जगह से जत्थों के पहुंचने का क्रम जारी रहा। कस्बे में पूर्व से ही गेस्ट हाउस, होटल, धर्मशालाएं बुक कर रखी थी। पुजारी के घर भी श्रद्धालु से भर गए। बाजारों में दिनभर अलग-अलग जगहों से संघ में आए श्रद्धालुओं द्वारा ढोलक की धुन पर नाचते-गाते दिखाई नजर आए। बाजारों की प्रत्येक गलियों में दिनभर भीड़भाड़ के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते दिखाई दिए। प्रातः श्रृंगार दर्शनों से पूर्व पुजारी परिवार की महिलाएं चांदी के कलशों में मंदिर की बावड़ी से जल भरकर मंदिर लाए, जहां भोग मनोरथ तैयार किया। मंदिर में दर्शनों को लेकर मंगलवार देर रात्रि से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी, जो प्रातः मंगला दर्शनों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
*आज इस प्रकार रहेगा दर्शनों का समय --*
मंगलवार को प्रातः मंगला दर्शन साढ़े 4 बजे होंगे, वहीं साढ़े 5 बजे मंगला आरती, 8 बजे श्रृंगार दर्शन के साथ मक्खन मिश्री का भोग, सुबह 11 बजे राजभोग आरती होगी। दोपहर ठीक 12 बजे ठाकुर जी की शाही सवारी निकलेगी।जहां पूरे दिनभर मंदिर में दर्शन खुले रहेंगे। वही शाही स्नान के बाद शाम साढ़े 5 बजे सवारी मंदिर पहुंचेगी। जहां ठाकुर जी के निज मंदिर में पुजारियों द्वारा उत्थापन कसार आरती उतारी जाएगी। तथा साय 7.15 बजे संध्या आरती होगी।
मेले में अनहोनी घटना एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चारभुजा तहसीलदार तोलाराम देवासी ने बताया कि सेवंत्री रूपनारायण मंदिर के निकट राम दरबार गोमती नदी पर 15 गोताखोर को नियुक्त किया गया है जो गोमती नदी के चारों ओर खड़े रहकर पानी में नहाते समय भीड़ पर नजर रखेंगे ।
देवस्थान विभाग के मुन्तज़िम तिलकेश पालीवाल ने बताया कि देवस्थान विभाग द्वारा दूध तलाई पर लगी छतरियों एवं सीढीओ की साफ सफाई करवा कर पुताई करवाई गई। जहां ठाकुर जी शाही स्नान करवाया जाएगा।
दोनों कृष्ण मंदिरों सेवंत्री एवं चारभुजा के लिए 434 जवान के हाथों कमान
चारभुजा मैं भरने वाले जलझूलनी एकादशी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर कुंभलगढ़ के वृत्त अधिकारी जितेंद्र सिंह एवं थाना अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इस बार मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजसमंद जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल द्वारा जिले भर से
*2 एएसपी, 3 डीएसपी सहित 463 जवान देखेंगे* व्यवस्था चारभुजा मंदिर में भरने वाले मुख्य मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 1 एडिशनल एसपी, 3 डीएसपी, 7 सीआई, 8 एसआई, 45 एएसआई, 49 हैड कांस्टेबल, 227 कांस्टेबल, 34 महिला कांस्टेबल, 60 होमगार्ड सहित 434 जवान मेले की कमान संभालेंगे । जो सेवंती एवं चारभुजा में दो पारियों में काम करेंगे । वहीं मेले में भीड़ को देखते हुए कस्बे में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। चारभुजा के थाने के अलावा केलवाड़ा, आमेट, केलवा, रेलमगरा, भीम, खमनोर, दिवेर थानों का जाप्ता भी तैनात रहेगा। दूध तलाई पर पुलिस अनहोनी घटना एवं चोरों उचक्कों पर पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे के साथ नजर रखेगा।

